पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने संशोधित मतदाता सूची जारी कर दी है। इस नई वोटर लिस्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है करीब 65 लाख मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। इनमें से अधिकतर नाम हटाए जाने के पीछे कारण बताए गए हैं जैसे मृतक, पलायन कर चुके व्यक्ति, दोहरी प्रविष्टि वाले नाम, या जिनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई।
इन 6 जिलों में सबसे अधिक वोटरों के नाम हटे:
- सारण – सबसे ज्यादा 2,73,223 नाम हटाए गए।
- भागलपुर – 2,44,612 नाम डिलीट किए गए।
- पश्चिम चंपारण – 1,91,376 नाम हटाए गए।
- किशनगंज – 1,45,913 मतदाताओं का नाम सूची से गायब।
- सहरसा – 1,31,596 नाम हटे।
- सुपौल – 1,28,207 वोटर हटाए गए।
अन्य प्रमुख जिले:
- बक्सर: 87,645 नाम हटे
- खगड़िया: 79,551 नाम हटे
- शेखपुरा: 26,256 नाम हटे
क्या यह अंतिम सूची है?
नहीं। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम सूची नहीं है। मतदाता जिनके नाम गलती से हटाए गए हैं या जिनकी जानकारी गलत है, वे 2 अगस्त से 1 सितंबर तक विशेष शिविरों में जाकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए सभी जिलों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
कहां मिलेगी यह वोटर लिस्ट?
नई मतदाता सूची चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। साथ ही सभी 38 जिलों के जिलाधिकारियों और राजनीतिक दलों को इसकी प्रतियां भी उपलब्ध कराई गई हैं।