दिल्ली: CM रेखा गुप्ता ने किया ‘जनसेवा सदन’ का उद्घाटन, तुलना हुई केजरीवाल के ‘शीशमहल’ से
नई दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपने आवास पर नए कैंप कार्यालय ‘जनसेवा सदन’ का उद्घाटन किया। राजधानी के राज निवास मार्ग पर स्थित इस केंद्र को आम जनता की समस्याओं को सुनने और समाधान प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। उद्घाटन के मौके पर हवन-पूजन का आयोजन भी किया गया।
इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने जनसेवा सदन की सराहना करते हुए इसकी लागत की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के ‘शीशमहल’ में लगे महंगे पर्दों से की। मिश्रा ने कहा, “जितने बजट में शीशमहल के पर्दे लगे थे, उससे कम लागत में पूरा जनसेवा सदन बनकर तैयार हुआ है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह सेवा सदन मीडिया और आम जनता के लिए खोला गया है ताकि वे खुद देख सकें कि जनता की सुनवाई के लिए कैसी पारदर्शी व्यवस्था की गई है। यह पहला मौका है जब 11 सालों में किसी मुख्यमंत्री का घर और कार्यालय आम लोगों के लिए खोला गया है।”
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई दी और कहा, “यह जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और मुख्यमंत्री की गंभीरता को दर्शाता है। यह एक साधारण आवास है, जिसे जनता की सेवा के लिए कार्यालय में बदला गया है।”
अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया:
- मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पहले के मुख्यमंत्री शीशमहल बनाते थे, लेकिन अब जनसेवा के लिए आवास खोला गया है।
- विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इसे एक ऐतिहासिक पहल बताया और कहा कि अब आम लोग अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री से साझा कर सकेंगे।
- सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अब यह स्थान ‘जनसेवा सदन’ के नाम से जाना जाएगा, जो जनता और पारदर्शिता की प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस कदम को राजधानी में पारदर्शी और सुलभ प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।