केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा भीमराव आंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। यह अभियान पहले 26 दिसंबर को शुरू होने वाला था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिवसीय शोक अवधि के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह अभियान तीन जनवरी से शुरू होगा।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने घोषणा की कि इस अभियान के तहत रैलियां और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, डॉ. आंबेडकर की जन्मस्थली पर 26 जनवरी को बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। पार्टी 25 जनवरी 2025 से 25 जनवरी 2026 तक संविधान बचाओ राष्ट्रीय पदयात्रा भी शुरू करेगी।
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस ने उन्हें इस्तीफा देने की मांग की है, जबकि भाजपा ने आरोपों को खारिज कर दिया है और कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।
इसके अलावा, जयराम रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के योगदान की सराहना करते हुए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को मजबूत किया।