मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को मुंबई पहुंचे और यहां उन्होंने प्रसिद्ध लालबाग के राजा के दर्शन किए। अपने परिवार के साथ उन्होंने इस पवित्र स्थल पर पूजा-अर्चना की और गणपति बप्पा से आशीर्वाद लिया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन मात्र से सारे दुःखों का निवारण हो जाता है। इस विशाल स्वरूप को देखने के लिए पूरे साल इंतजार रहता है। आज ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन-पूजन किए। गणपति बप्पा सभी पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें।”
इस मौके पर उनके साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे। लालबाग के राजा के दर्शन के बाद, अमित शाह सीएम फडणवीस के आवास ‘वर्षा’ पहुंचे, जहां उन्होंने श्री गणेश जी की पूजा की। इस संबंध में अमित शाह ने कहा, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के घर भगवान गणेश का दर्शन-पूजन किया और सभी के कल्याण की प्रार्थना की। गणपति बप्पा मोरया!”
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अवसर पर एक पोस्ट में लिखा, “हमारे नेता केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह और उनके परिवारजनों ने गणेशोत्सव के इस पर्व पर मुंबई स्थित मेरे सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर भेंट दी। इस दौरान उनका हार्दिक स्वागत किया।”
उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा, “हर साल की तरह इस साल भी हमारे नेता गृह मंत्री अमित शाह और उनके परिवारजनों के साथ लालबाग के राजा के भक्तिमय दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर लालबाग के बप्पा के चरणों में जनसेवा के लिए प्रार्थना की।”
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस मौके पर ट्वीट किया, “शनिवार को गणेश उत्सव के लिए मुंबई प्रवास पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल के श्री गणेश के भावपूर्ण दर्शन किए। मंडल की ओर से उनका स्वागत शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट करके किया गया।”