अहमदाबाद। गुजरात में सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर पूरी कैबिनेट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस कदम के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नई कैबिनेट का गठन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने वाले मंत्री कुल 16 हैं। इस सियासी बदलाव के पीछे माना जा रहा है कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी समीकरणों को साधने की रणनीति है। चर्चा है कि नए कैबिनेट में रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा जडेजा को भी मंत्री बनाया जा सकता है।
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार सुबह 11:30 बजे होगा। वर्तमान मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत कुल 17 मंत्री शामिल थे, जिनमें आठ कैबिनेट स्तर के और आठ राज्य मंत्री हैं। विधानसभा में कुल सदस्यों की संख्या 182 है और मंत्रियों की अधिकतम संख्या 27 हो सकती है।

भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर 2022 को दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भाजपा ने इससे पहले भी चुनाव से पहले नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल कर राजनीतिक समीकरणों को साधा था। इस फॉर्मूले से पार्टी ने एंटी-इनकंबेंसी की चुनौती को पार किया और चुनाव में रिकॉर्ड सीटें जीतीं।
अटकलों की मानें तो माजुरा के विधायक और पूर्व मंत्री हर्ष सांघवी को कैबिनेट रैंक मिल सकता है। इसके अलावा, जाति और क्षेत्रीय समीकरणों को देखते हुए नए चेहरे को शामिल करने की संभावना जताई जा रही है। कुछ नेताओं को मंत्री पद से हटाकर पार्टी के कामकाज में लगाया जा सकता है।