China Tianshan Shengli Tunnel : बीजिंग। चीन ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र में तियानशान शेंगली सुरंग को शुक्रवार को यातायात के लिए औपचारिक रूप से खोला गया। 22.13 किलोमीटर लंबी यह सुरंग अब दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेसवे सुरंग बन गई है।
सुरंग का महत्व
तियानशान पर्वत श्रृंखला के बीच से गुजरने वाली यह सुरंग G0711 उरूमकी-युली एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा है। इस सुरंग के चालू होने से दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन अब बेहद आसान हो गया है। पहले घंटों लगने वाली यात्रा अब मात्र 20 मिनट में पूरी की जा सकेगी। उरूमकी और कोरला के बीच कुल यात्रा समय सात घंटे से घटकर तीन घंटे रह गया है।

चीन ने बनाया रिकॉर्ड
चीन कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी के चेयरमैन सोंग हाईलियांग ने बताया कि इस सुरंग ने दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए हैं – सबसे लंबी एक्सप्रेसवे सुरंग और हाईवे टनल में सबसे गहरी वर्टिकल शाफ्ट। इस परियोजना को पांच वर्षों में पूरा किया गया और इसके निर्माण में 46.7 अरब युआन (करीब 6.63 अरब डॉलर) खर्च हुए।

आर्थिक और सामाजिक प्रभाव
यह सुरंग शिनजियांग के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को जोड़ती है, जिससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक विकास को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। तियानशान पर्वत श्रृंखला जो पहले क्षेत्र को दो भागों में बांटती थी, अब यह बाधा पूरी तरह से दूर हो गई है।
