नई दिल्ली: नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर 9 महीने बाद धरती पर लौटने के लिए तैयार हैं। उन्हें लेकर स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफलतापूर्वक रवाना हो गया। भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 3:27 बजे यह फ्लोरिडा के तट पर लैंड करेगा। इस कैप्सूल में नासा के निक हेग और रूस के अलेक्जेंडर गोर्बुनोव भी सवार हैं।
9 महीने अंतरिक्ष में फंसे रहे सुनीता और बुच
गौरतलब है कि सुनीता और बुच 5 जून 2024 को बोइंग स्टारलाइनर से 10 दिन के मिशन पर ISS गए थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उनकी वापसी में 9 महीने की देरी हो गई। स्टारलाइनर के खराब होने के बाद, नासा ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल भेजा।
नासा के स्टीव स्टिच ने बताया कि, “दोनों ने इस मुश्किल समय में शानदार काम किया। हम उनकी सुरक्षित वापसी के लिए बेहद उत्साहित हैं।” हाल ही में क्रू-10 के चार नए अंतरिक्ष यात्रियों ने ISS पहुंचकर सुनीता और बुच से मिशन की जानकारी ली।
मुआवजे में मिलेंगे 1 लाख रुपये
नासा की पूर्व अंतरिक्ष यात्री कैडी कोलमैन के अनुसार, अंतरिक्ष यात्रियों को ओवरटाइम नहीं मिलता। वेतन के अलावा, उन्हें प्रतिदिन सिर्फ 4 डॉलर (करीब 347 रुपये) भत्ता मिलता है। इस हिसाब से सुनीता और बुच को 9 महीने के लिए करीब 1,148 डॉलर (लगभग 1 लाख रुपये) का अतिरिक्त मुआवजा मिल सकता है।
सुनीता विलियम्स ने जताया आभार
इस ऐतिहासिक मिशन के दौरान सुनीता ने स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आभार जताया। मस्क को संबोधित एक वीडियो में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “हम जल्द वापस आ रहे हैं, मेरे बिना प्लानिंग मत करना।”
कैसे देखें लाइव लैंडिंग?
नासा इस ऐतिहासिक वापसी को लाइव स्ट्रीम करेगा। इसे नासा+ (पहले नासा टीवी) और plus.nasa.gov पर मुफ्त में देखा जा सकता है। इसके अलावा, नासा के एक्स, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विच जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसका प्रसारण होगा।
सुनीता विलियम्स की यह तीसरी अंतरिक्ष यात्रा है, और उनके सुरक्षित लौटने के साथ यह मिशन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा।