अल्बानिया में चल रहे यूरोपीय नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री एडी रामा द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी का किया गया स्वागत चर्चा का विषय बना हुआ है। रामा ने मेलोनी का स्वागत करते समय घुटनों पर बैठकर उनका अभिनंदन किया। यह दृश्य न केवल मीडिया में बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब एडी रामा ने मेलोनी के लिए ऐसा भावनात्मक अंदाज़ अपनाया हो। इससे पहले जनवरी 2025 में अबू धाबी में आयोजित विश्व भविष्य ऊर्जा शिखर सम्मेलन के दौरान, मेलोनी के 48वें जन्मदिन पर भी रामा ने उन्हें बधाई देने के लिए घुटनों पर बैठकर उन्हें एक खास तोहफा भेंट किया था। यह स्कार्फ एक इतालवी डिज़ाइनर द्वारा तैयार किया गया था जो अब अल्बानिया में रह रहा है।
विशेष बात यह है कि मेलोनी और रामा की राजनीतिक विचारधाराएं पूरी तरह से अलग हैं। मेलोनी दक्षिणपंथी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ की नेता हैं, जबकि रामा अल्बानिया की समाजवादी पार्टी का नेतृत्व करते हैं। इसके बावजूद, दोनों नेताओं के बीच अच्छे कार्य संबंध हैं।
बीते वर्ष दोनों देशों के बीच एक समझौता भी हुआ था, जिसके तहत इटली से कुछ प्रवासियों को अल्बानिया के हिरासत केंद्रों में स्थानांतरित किया जाना था। हालांकि कानूनी अड़चनों के चलते यह योजना फिलहाल रुकी हुई है।
इसके अलावा, इटली, अल्बानिया और संयुक्त अरब अमीरात ने एड्रियाटिक सागर में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए एक समुद्री इंटरकनेक्शन परियोजना पर सहमति जताई है। इस परियोजना की लागत कम से कम एक अरब यूरो आंकी गई है।