Japan Earthquake: टोक्यो। जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर रविवार रात को 7.6 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके तुरंत बाद मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने सुनामी चेतावनी जारी कर दी। भूकंप का केंद्र आओमोरी प्रांत के तट से लगभग 70-80 किलोमीटर दूर समुद्र में था, जबकि इसकी गहराई करीब 50 किलोमीटर मापी गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, झटके स्थानीय समयानुसार रात 11:15 बजे (दोपहर 2:15 बजे GMT) शुरू हुए, जो 30 सेकंड से ज्यादा चले। टोक्यो में भी हल्के झटके महसूस किए गए, और आओमोरी में 40 सेमी ऊंची लहरें पहले ही दर्ज हो चुकी हैं।
एजेंसी ने आओमोरी, इवाते और होक्काइडो के तटीय इलाकों में 3 मीटर (10 फीट) तक ऊंची सुनामी लहरों की आशंका जताई है। प्रशासन ने लाखों निवासियों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने का आदेश दिया है। पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर (PTWC) ने भी चेतावनी जारी की कि भूकंप से उत्पन्न खतरनाक लहरें जापान और रूस के 1,000 किलोमीटर दायरे में तटीय क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती हैं। फिलहाल किसी हताहत या बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और राहत टीमें अलर्ट पर हैं।

जापान ‘रिंग ऑफ फायर’ पर स्थित होने के कारण दुनिया के सबसे भूकंप प्रभावित देशों में शुमार है, जहां हर पांच मिनट में कोई न कोई झटका महसूस होता है। यहां पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटें लगातार टकराती रहती हैं। 2011 के 9.0 तीव्रता वाले भूकंप ने फुकुशिमा आपदा को जन्म दिया था, जिसमें 20,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। हाल के वर्षों में म्यांमार, तुर्की और अफगानिस्तान जैसे देशों में भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। जापानी अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल जापानी प्रशासन अलर्ट मोड पर है और तटीय इलाकों में रहने वालों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।
