नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) ने पाकिस्तान की सीमा के बेहद करीब एक बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। यह दो दिवसीय अभ्यास गुजरात और राजस्थान के पास अरब सागर क्षेत्र में किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह युद्धाभ्यास 2 सितंबर सुबह 11 बजे से शुरू हुआ और 3 सितंबर दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
पाकिस्तान एयरस्पेस के पास बड़ा ड्रिल
यह इलाका पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के काफी निकट है, ऐसे में इस अभ्यास पर सभी की नज़रें टिकी हुई हैं। हालांकि, वायु सेना का कहना है कि यह एक नियमित अभ्यास है। इसके लिए आधिकारिक रूप से NOTAM (Notice to Airmen) जारी किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह भारतीय वायु सेना का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास माना जा रहा है।
अमेरिका के साथ समानांतर सैन्य अभ्यास
वहीं दूसरी ओर, भारतीय सेना अमेरिका के साथ अलास्का में युद्ध अभ्यास 2025 में हिस्सा ले रही है। यह संयुक्त युद्धाभ्यास 1 सितंबर से शुरू हुआ है और 14 सितंबर तक चलेगा। फोर्ट वेनराइट में आयोजित इस अभ्यास में तोपखाने, विमानन और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों का संयुक्त प्रदर्शन किया जा रहा है।
यह भारत-अमेरिका सैन्य अभ्यास का 21वां संस्करण है। इसमें भारत की ओर से मद्रास रेजिमेंट की एक बटालियन हिस्सा ले रही है, जबकि अमेरिकी सेना की ओर से 11वीं एयरबोर्न डिवीजन की आर्कटिक वोल्व्स ब्रिगेड की पहली बटालियन, 5वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट (बॉबकैट्स) शामिल है।
NOTAM क्या होता है?
NOTAM एक आधिकारिक सूचना होती है, जो पायलटों और विमानन से जुड़े लोगों को किसी क्षेत्र में अचानक उत्पन्न हुई परिस्थितियों या संभावित खतरों के बारे में सतर्क करती है। इसमें हवाई अड्डों, सेवाओं, प्रक्रियाओं या राष्ट्रीय वायु क्षेत्र प्रणाली से जुड़ी जानकारी होती है। यह नोटिस अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के दिशा-निर्देशों के तहत हवाई अड्डा प्राधिकरण और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी किया जाता है।
