वाशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिका ने H-1B वीजा पर हाल ही में नया फैसला लागू किया है, जिससे देशभर में चर्चा का माहौल बन गया है। इस फैसले के तहत अब नए H-1B वीजा आवेदकों को 1 लाख डॉलर की फीस चुकानी होगी। हालांकि, व्हाइट हाउस और USCIS ने स्पष्ट किया है कि यह फीस सालाना नहीं बल्कि वन-टाइम होगी।
पुराने वीजा धारकों को कोई असर नहीं
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलाइन लेविट ने कहा है कि यह नया नियम सिर्फ नए वीजा पिटीशनों पर लागू होगा। मौजूदा H-1B धारकों या विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों को इस फीस का भुगतान नहीं करना होगा। वीजा रिन्यूअल या पहले से जारी वीजा इस फैसले के दायरे में नहीं आते।
USCIS ने भी दी सफाई
USCIS (यूएस सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज) ने कहा है कि नया नियम केवल उन पिटीशनों पर लागू होगा जो अभी दायर नहीं किए गए हैं। इसका मतलब है कि वर्तमान वीजा धारकों को अमेरिका आने-जाने या अन्य सुविधाओं में कोई रुकावट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

सिर्फ नए आवेदन पर होगा प्रभाव
अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत से अमेरिका जाने वाले या लौटने वाले लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यह 1 लाख डॉलर की वन-टाइम फीस केवल नए आवेदकों और आगामी लॉटरी साइकिल पर लागू होगी।
भारत के लिए आपातकालीन सहायता
अमेरिका में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए दूतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसी भी इमरजेंसी में +1-202-550-9931 पर कॉल या व्हाट्सऐप के जरिए सहायता प्राप्त की जा सकती है। ध्यान रहे, यह नंबर केवल आपातकालीन मामलों के लिए उपलब्ध है।
