कांगो में बड़ा नाव हादसा: खाना बनाते समय लगी आग, 143 लोगों की मौत
महिलाएं और बच्चे भी शामिल, शवों की हालत देख सहमे लोग
किंशासा। मध्य अफ्रीकी देश कांगो में एक भीषण नाव हादसे में अब तक 143 लोगों की मौत हो चुकी है। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब नाव पर सवार एक महिला खाना बना रही थी। खाना पकाने के लिए जलाई गई अंगारों से निकली चिंगारी पास रखे ईंधन पर गिर गई, जिससे ज़ोरदार धमाका हुआ और पूरी नाव आग की लपटों में घिर गई।
स्थानीय अधिकारी जोसेफिन-पैसिफ़िक लोकुमु ने जानकारी दी कि आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। नाव पर सैकड़ों लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
बचाव अभियान जारी, शवों की पहचान मुश्किल
बचावकर्मी लगातार राहत और तलाशी अभियान चला रहे हैं। बुधवार को 131 शव निकाले गए, जबकि गुरुवार और शुक्रवार को 12 और शव बरामद हुए। कई शव इस कदर झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करना भी बेहद मुश्किल हो गया है। घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के पीछे लापरवाही?
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह आशंका जताई जा रही है कि नाव पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं थे और खाना पकाने के दौरान ज़रूरी सावधानियां नहीं बरती गईं।
कांगो में नदी परिवहन आम है, लेकिन सुरक्षा मानकों की कमी के चलते इस तरह के हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं।