दक्षिणी स्पेन के कॉर्डोबा प्रांत स्थित अदामुज़ कस्बे के पास रविवार शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया। दो ट्रेनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में अब तक कम से कम 40 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 150 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा पिछले एक दशक से अधिक समय में स्पेन का सबसे बड़ा रेल हादसा माना जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा
स्पेन के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर ऑपरेटर ‘एडिफ’ के मुताबिक, हादसा रविवार शाम करीब 7:45 बजे हुआ। मलागा से मैड्रिड जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन, जिसमें लगभग 300 यात्री सवार थे, का पिछला हिस्सा अचानक पटरी से उतर गया। इसी दौरान सामने से आ रही मैड्रिड से हुएल्वा जा रही दूसरी ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। दूसरी ट्रेन में करीब 200 यात्री सवार थे।
सबसे ज्यादा नुकसान आगे की बोगियों में
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने बताया कि टक्कर का सबसे ज्यादा असर दूसरी ट्रेन के अगले हिस्से पर पड़ा। टक्कर के कारण ट्रेन की पहली दो बोगियां पटरी से उतरकर करीब चार मीटर गहरे ढलान में जा गिरीं। आशंका है कि मृतकों की सबसे अधिक संख्या इन्हीं बोगियों में सवार यात्रियों की है।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
अंडालूसिया क्षेत्र के अध्यक्ष जुआनमा मोरेनो ने बताया कि हादसे के बाद से ही आपातकालीन सेवाएं मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। देर रात तक फ्लडलाइट्स की रोशनी में क्षतिग्रस्त और मुड़ी-तुड़ी बोगियों से शवों और घायलों को निकाला गया। कई यात्रियों ने टूटे शीशों और आपातकालीन हथौड़ों की मदद से खुद को बाहर निकाला।
यात्रियों ने बयां किया खौफनाक मंजर
स्पेनिश प्रसारक आरटीवीई के पत्रकार सल्वादोर जिमेनेज़, जो हादसे का शिकार हुई ट्रेन में सवार थे, ने बताया कि अचानक जोरदार झटका लगा और ऐसा महसूस हुआ जैसे भूकंप आ गया हो। ट्रेन के पटरी से उतरते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
159 घायल, कई की हालत नाजुक
स्पेनिश पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल 159 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कम से कम 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और पांच की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जांच शुरू
परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा कि हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। यह घटना एक समतल रेल ट्रैक पर हुई, जिसकी मरम्मत मई महीने में की गई थी। शुरुआती जांच इस बात पर केंद्रित है कि मलागा से मैड्रिड जा रही ट्रेन के डिब्बे अचानक पटरी से क्यों उतरे। बताया गया है कि पटरी से उतरी ट्रेन निजी कंपनी ‘इर्यो’ की थी, जबकि दूसरी ट्रेन स्पेन की सरकारी रेल कंपनी ‘रेनफे’ की थी।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज की रात हमारे देश के लिए गहरे शोक की रात है।” प्रधानमंत्री सोमवार को दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे।
रेल सेवाएं रद्द, देश में मातम
हादसे के बाद मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच कई ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। पूरे स्पेन में शोक का माहौल है। अस्पतालों में भर्ती घायलों के लिए रक्तदान और सहायता के लिए बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं। सरकार ने इस भीषण दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
