Travis Scott Concert : मुंबई। अमेरिकी रैपर ट्रैविस स्कॉट के बहुप्रतीक्षित मुंबई कॉन्सर्ट में मस्ती के बीच चोरी का खेल भी खूब चला। महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित इस मेगा इवेंट में हजारों फैंस झूमते रहे, लेकिन इसी दौरान एक संगठित चोर गिरोह ने भीड़ का फायदा उठाकर 24 महंगे मोबाइल फोन और 12 सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, चोरी हुए फोन में ज्यादातर हाई-एंड iPhone और प्रीमियम Samsung मॉडल शामिल हैं। कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद कई दर्शक अपने फोन और चेन गायब होने की शिकायत लेकर नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचे। अभी तक दर्ज शिकायतों के आधार पर ही यह आंकड़ा सामने आया है, असल संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वेन्यू के एंट्रेंस गेट व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। ऐसे चोर गिरोह खास तौर पर बड़े कॉन्सर्ट, म्यूजिक फेस्टिवल और सेलिब्रिटी इवेंट्स को टारगेट करते हैं। ये लोग महंगे टिकट खरीदकर खुद भीड़ का हिस्सा बनते हैं और मौका मिलते ही जेबकटाई व चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाते हैं। ट्रैविस स्कॉट के शो में भी ठीक यही हुआ।
गौरतलब है कि ट्रैविस स्कॉट का यह कॉन्सर्ट मुंबई में साल का सबसे बड़ा म्यूजिकल इवेंट था। हजारों युवा उनके सुपरहिट गानों पर थिरक रहे थे, लेकिन चंद मिनटों में चोरों ने कई लोगों का मजा किरकिरा कर दिया। पुलिस अब इन चोरों की तलाश में जुटी है और जल्द ही कुछ गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। आयोजकों से भी सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की अपील की जा रही है।
