Toxic Teaser: मुंबई। कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार और पैन-इंडिया आइकन यश ने अपने 40वें जन्मदिन पर फैंस को जबरदस्त सरप्राइज दिया है। ‘केजीएफ’ सीरीज से देशभर में पहचान बना चुके यश की अपकमिंग फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है। टीजर में यश का रॉ, डार्क और इंटेंस अंदाज देखकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
करीब 2 मिनट 51 सेकंड लंबे इस टीजर की शुरुआत एक श्मशान घाट से होती है, जहां शोक और सन्नाटे का माहौल है। अचानक हालात बदलते हैं और कहानी एक रहस्यमयी मोड़ ले लेती है। इसी बीच एंट्री होती है यश के किरदार ‘राया’ की, जिसे टीजर में एक खतरनाक और चालाक ‘मॉन्स्टर माइंड’ के रूप में दिखाया गया है। यश की आंखों की आक्रामकता, बॉडी लैंग्वेज और स्क्रीन प्रेजेंस टीजर को बेहद प्रभावशाली बना देती है।

स्टाइल, म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी ने बढ़ाया असर
टीजर में यश का लुक, उनका स्टाइल और बैकग्राउंड स्कोर दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ता है। डार्क टोन और दमदार सिनेमैटोग्राफी ने फिल्म के मूड को और भी मजबूत बना दिया है। रिलीज के कुछ ही घंटों में टीजर को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर फैंस इसे “KGF से भी ज्यादा खतरनाक” और “यश का अब तक का सबसे इंटेंस अवतार” बता रहे हैं।
यश का फैंस के नाम भावुक संदेश
टीजर रिलीज के साथ यश ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल नोट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा कि फैंस लंबे समय से उनके जन्मदिन पर उनसे मिलने की इच्छा जताते रहे हैं और वह भी उनसे मिलने के लिए उतने ही उत्साहित रहते हैं। हालांकि काम की व्यस्तताओं के कारण इस बार मुलाकात संभव नहीं हो पाई, लेकिन उन्होंने जल्द फैंस से मिलने का वादा जरूर किया।

‘टॉक्सिक’ से फिर इतिहास रचने की तैयारी
इस फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं और इसे कन्नड़ के साथ-साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसी बड़ी अभिनेत्रियां नजर आएंगी।
