नेटफ्लिक्स ने रविवार को अपनी हिट सीरीज ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ के पांचवें और अंतिम सीजन की रिलीज डेट्स की घोषणा कर दी है। अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए वीडियो में फैंस को इस बार के सीजन में मिलने वाले ट्विस्ट और टर्न्स की झलक दिखाई गई।
भारत में कब आएगा स्ट्रेंजर थिंग्स सीजन 5?
भारत में ‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ सीजन 5 का पहला भाग 27 नवंबर 2025 को सुबह 5:30 बजे स्ट्रीम होगा। दूसरा भाग 26 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर और आखिरी भाग 1 जनवरी 2026 को नए साल पर स्ट्रीम किया जाएगा।
अंतिम सीजन की खासियत
‘द फाइनल सीजन’ के नाम से रिलीज हो रहा यह सीजन तीन भागों में फैंस को हॉरर, एक्शन और थ्रिल से भरपूर कहानी का समापन दिखाएगा। इलेवन, माइक व्हीलर, डस्टिन, लुकास, मैक्स, जोनाथन बायर्स और स्टीव हैरिंगटन के साथ हॉकिन्स में आखिरी लड़ाई होगी।
कब शुरू हुई थी ये सीरीज?
‘स्ट्रेंजर थिंग्स’ 15 जुलाई 2016 को अपने पहले सीजन के साथ रिलीज हुई थी और तब से ही दुनियाभर के फैंस की पसंदीदा बनी रही। इसके बाद सीजन 2 अक्टूबर 2017 में, सीजन 3 जुलाई 2019 में और सीजन 4 साल 2022 में दो भागों में आया।
प्रोमो ने बढ़ाई उत्सुकता
सीजन 5 के प्रोमो में दिखाए गए नए ट्विस्ट ने फैंस को रोमांचित कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग कमेंट कर रहे हैं कि यह अब तक का सबसे बड़ा ट्विस्ट लेकर आएगा। इस बार इलेवन की शक्तियां और बढ़ेंगी या कोई नया रहस्य खुलेगा, इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। नेटफ्लिक्स ने वादा किया है कि यह आखिरी सीजन फैंस के लिए बेहद खास होने वाला है।