मुंबई। विजय देवरकोंडा की अपकमिंग फिल्म ‘राउडी जनार्धना’ का टाइटल वीडियो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में आ गया है। दमदार विजुअल्स, शानदार बैकग्राउंड म्यूजिक और विजय का इंटेंस अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। इसी बीच इस अनाउंसमेंट पर अभिनेत्री रश्मिका मंदाना का रिएक्शन सामने आया है, जिसने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
रश्मिका मंदाना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘राउडी जनार्धना’ का टाइटल वीडियो शेयर करते हुए विजय देवरकोंडा और पूरी टीम की खुलकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “वाह! क्या कमाल का टाइटल वीडियो है। विजुअल्स, म्यूजिक और पूरी वाइब शानदार है। और क्या एक्टर है… विजय देवरकोंडा और रवि किरण कोला, आप दोनों ने गजब कर दिया। मुझे यह बहुत पसंद आया।” इसके साथ ही रश्मिका ने फिल्म की लीड एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश को भी ढेरों शुभकामनाएं दीं।
रश्मिका का यह रिएक्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के रिश्ते को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। दोनों को कई बार वेकेशन और पारिवारिक कार्यक्रमों में साथ देखा गया है, हालांकि अब तक दोनों ने अपने रिश्ते पर खुलकर कुछ नहीं कहा है। हाल ही में यह भी खबरें आई थीं कि दोनों साल 2026 में शादी कर सकते हैं, लेकिन इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिल्म ‘राउडी जनार्धना’ का निर्देशन रवि किरण कोला कर रहे हैं। इस फिल्म में विजय देवरकोंडा के साथ कीर्ति सुरेश अहम भूमिका में नजर आएंगी। टाइटल वीडियो से साफ है कि फिल्म को राउडी अंदाज, दमदार एक्शन, इमोशन्स और स्टाइल के साथ पेश किया जाएगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विजय देवरकोंडा हाल ही में फिल्म ‘किंगडम’ (हिंदी में ‘साम्राज्य’) में नजर आए थे। वहीं रश्मिका मंदाना हाल में ‘द गर्लफ्रेंड’ में दिखाई दी थीं और फिलहाल वह ‘कॉकटेल 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ शाहिद कपूर और कृति सेनन नजर आएंगे।
