ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकन सिंगर निक जोनस की जोड़ी को फैंस लंबे समय से ‘पावर कपल’ मानते आए हैं। 6 फरवरी को निक जोनस का नया एल्बम ‘Sunday Best’ रिलीज हुआ, और इस खास मौके पर प्रियंका ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक अंदाज में पति के लिए प्यार जताया।
प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर रिश्ते के शुरुआती दिनों की कुछ अनदेखी और खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं। इन यादों के साथ उन्होंने एक लंबा इमोशनल नोट लिखा, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
उन्होंने लिखा, “मेरे पास शब्द नहीं हैं, लेकिन मैं कुछ कहने की कोशिश करूंगी। तुम वो हो जिससे सपने बनते हैं। ऐसा इंसान ढूंढो जो न सिर्फ तुमसे प्यार और इज्ज़त करे, बल्कि तुम्हें खजाने की तरह संजोकर रखे और इसे दिखाने से डरे नहीं।”
प्रियंका ने आगे कहा, “मैं शुक्रगुजार हूं कि यूनिवर्स मुझे तुम्हारे पास लाया। तुम मेरी ज़िंदगी का सबसे अच्छा फैसला हो। तुम्हारे बेमिसाल टैलेंट से मैं हैरान हूं। तुम सबसे ईमानदार और सच्चे इंसान हो जिन्हें मैं जानती हूं। तुम मुझे हर दिन मुस्कुराने की वजह देते हो। ये तस्वीरें हमारे शुरुआती दिनों की हैं, लेकिन ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो।”
एल्बम की तारीफ करते हुए प्रियंका ने लिखा, “मुझे इस एल्बम पर बहुत गर्व है। तुमने हर नोट और हर लिरिक्स में अपनी जान डाल दी है। इसे दुनिया के साथ शेयर करने के लिए बहुत कॉन्फिडेंट इंसान होना चाहिए। मैं तुमसे बेइंतहा प्यार करती हूं। खुद पर एक एहसान करो, इसे शुरू से सुनो। प्यार ऐसा ही होना चाहिए।”
प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम बायो में निक के नए एल्बम का लिंक भी साझा किया। इस पोस्ट पर निक जोनस ने कमेंट करते हुए लिखा, “You are my everything.”
प्रियंका के इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर फैंस को भावुक कर दिया है, और एक बार फिर यह जोड़ी चर्चा का केंद्र बन गई है।
