Nora Fatehi Birthday Special: मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर डांसर और एक्ट्रेस नोरा फतेही आज अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। इंडस्ट्री में उन्हें ‘डांसिंग क्वीन’ के नाम से जाना जाता है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा।

हिंदी न आने पर बनता था मजाक
कनाडा में जन्मीं और मोरक्कन मूल की नोरा फतेही ने जब बॉलीवुड में कदम रखा, तब भाषा उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। हिंदी न जानने की वजह से उन्हें ऑडिशन के दौरान कई बार असहज स्थितियों का सामना करना पड़ा। कई बार ताने सुनने पड़े और मजाक भी बनाया गया।

नोरा ने इंटरव्यू में बताया है कि वह एक पारंपरिक परिवार से आती हैं, जहां डांस को लेकर सख्ती थी। वह अपने कमरे का दरवाजा बंद कर चुपचाप प्रैक्टिस करती थीं। लेकिन उनके भीतर का जुनून इतना मजबूत था कि उन्होंने हर मुश्किल को पार किया।

‘बिग बॉस 9’ बना टर्निंग पॉइंट
संघर्ष के दौर में सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 9’ ने उनकी जिंदगी बदल दी। वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए शो में पहुंचीं नोरा ने अपने आत्मविश्वास और डांस से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस शो ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई और बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए।

‘दिलबर’ से रातों-रात स्टारडम
‘बिग बॉस’ के बाद नोरा का करियर तेजी से आगे बढ़ा। फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ का गाना ‘दिलबर’ सुपरहिट साबित हुआ और नोरा रातों-रात स्टार बन गईं। इसके बाद ‘ओ साकी साकी’, ‘कमरिया’ और ‘मनहारी’ जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया।

आज नोरा सिर्फ डांस नंबर तक सीमित नहीं हैं। वह फिल्मों, म्यूजिक वीडियोज और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और उनके डांस वीडियो रिलीज होते ही वायरल हो जाते हैं।
