Mouni Roy : मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय ने हरियाणा के करनाल में एक कार्यक्रम के दौरान हुए अपने बेहद परेशान करने वाले अनुभव को सार्वजनिक किया है। खुशी और उत्सव का माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने एक्ट्रेस के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। मौनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा कर इस घटना की जानकारी दी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
फोटो के बहाने गलत तरीके से छूने का आरोप
मौनी रॉय ने बताया कि जब वह इवेंट के दौरान स्टेज की ओर बढ़ रही थीं, तभी कुछ पुरुषों ने फोटो खिंचवाने के बहाने उनकी कमर पर हाथ रखने की कोशिश की। एक्ट्रेस के मुताबिक, इनमें से कुछ लोग उम्र में काफी बड़े भी थे।
मौनी ने लिखा, “जब मैंने उनसे हाथ हटाने को कहा तो उन्हें यह पसंद नहीं आया और उनका व्यवहार और भी खराब हो गया।”

स्टेज पर भी जारी रहा अभद्र व्यवहार
एक्ट्रेस के अनुसार, स्टेज पर पहुंचने के बाद हालात और बिगड़ गए। सामने खड़े कुछ लोग गंदी बातें कर रहे थे और भद्दे इशारे कर रहे थे। मौनी ने बताया कि जब उन्होंने प्यार से उन्हें ऐसा न करने का इशारा किया, तो उन्होंने उन पर गुलाब फेंकना शुरू कर दिया।
मौनी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग नीचे से गलत तरीके से वीडियो बना रहे थे। हालात इतने बिगड़ गए थे कि वह एक बार परफॉर्मेंस बीच में छोड़ने का मन बना चुकी थीं, लेकिन पेशेवर जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने कार्यक्रम पूरा किया।

आयोजकों और मौजूद लोगों पर उठाए सवाल
मौनी रॉय ने इस बात पर दुख जताया कि वहां मौजूद किसी भी परिवार या आयोजक ने उन लोगों को रोकने की कोशिश नहीं की। उन्होंने लिखा कि वह एक कलाकार हैं, जो मेहनत से अपनी रोजी-रोटी कमाती हैं और इस घटना ने उन्हें अपमानित महसूस कराया है।
एक्ट्रेस ने अधिकारियों से इस तरह के व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
‘अगर अपनी बेटियों के साथ हो तो?’
अपने नोट के अंत में मौनी रॉय ने भावुक होते हुए कहा कि वह आमतौर पर नकारात्मक अनुभव साझा नहीं करतीं, लेकिन इस घटना ने सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यही व्यवहार किसी की बेटी या बहन के साथ हो, तो क्या लोग इसे स्वीकार करेंगे?
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि मर्द होने के नाम पर ऐसा घमंड शर्मनाक है।
