मुंबई: कोटा की रहने वाली और मिस इंडिया 2023 का खिताब जीतने वाली Nandini Gupta ने मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता में अपनी शानदार प्रस्तुति से देश का नाम रोशन कर दिया है। हैदराबाद में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नंदिनी ने सेमीफाइनल तक का सफर तय करते हुए टॉप 40 कंटेस्टेंट्स में अपनी जगह बना ली है। इसके साथ ही उन्होंने एशिया की टॉप मॉडल का खिताब भी अपने नाम किया है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Nandini के इस ग्लोबल मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन से उनके माता-पिता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके पिता सुमित गुप्ता ने बताया कि नंदिनी हर राउंड में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं और लगातार बेहतर होती जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोटा में फैशन और मॉडलिंग के लिए पर्याप्त अवसर नहीं थे, इसलिए नंदिनी ने मुंबई आकर अपनी पढ़ाई के साथ-साथ खुद को तैयार किया। मिस राजस्थान और फिर मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद अब वह Miss World 2025 का ताज भारत लाने की दिशा में अग्रसर हैं।

Nandini Gupta की मां रेखा गुप्ता ने भावुक होकर कहा कि यह सिर्फ उनका परिवार नहीं, बल्कि पूरे भारत का सपना है कि नंदिनी मिस वर्ल्ड बने। उन्होंने नंदिनी की मेहनत और लगन की प्रशंसा करते हुए कहा कि एशिया की टॉप मॉडल बनना एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे पहले कोई भारतीय प्रतिभागी इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया था।

Miss World 2025 में दुनिया भर से 120 प्रतिभागी हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप्स में बांटा गया है। हर ग्रुप से टॉप 10 कंटेस्टेंट सेमीफाइनल में पहुंचेंगे। नंदिनी ने एशिया ग्रुप में 30 अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए टॉप 40 में जगह बनाई है। यह प्रतियोगिता 10 मई से 31 मई तक चलेगी और अब नंदिनी को आगे के राउंड्स में कई और चुनौतियों का सामना करना है।
उनके आत्मविश्वास और मेहनत को देखते हुए पूरे देश को उम्मीद है कि नंदिनी जल्द ही Miss World 2025 का ताज भारत ला कर देश का नाम रोशन करेंगी।
