Mirzapur The Movie : मुंबई। वेब सीरीज ‘मिर्ज़ापुर’ अब पहली बार बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। अमेजन MGM और एक्सल एंटरटेनमेंट की फिल्म ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म मिर्ज़ापुर यूनिवर्स की नई और अनसुनी कहानी दर्शकों के सामने पेश करेगी।
फिल्म के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं। निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जो मिर्ज़ापुर की दुनिया के क्रिएटर माने जाते हैं।
मुन्ना भैया की वापसी
फिल्म में दर्शकों को अपने पसंदीदा किरदार फिर से देखने को मिलेंगे। पंकज त्रिपाठी कालीन भैया के रूप में, अली फजल गुड्डू पंडित के किरदार में और सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि दिव्येंदु शर्मा उर्फ मुन्ना भैया भी बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।
स्टार कास्ट और कहानी का दम
फिल्म की स्टार कास्ट में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में एक्शन, ड्रामा और इमोशंस का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।
बड़े पर्दे पर नया अनुभव
OTT प्लेटफॉर्म पर मिली जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स ने मिर्ज़ापुर को थिएटर तक लाने का फैसला लिया। फिल्म की रॉ, देसी और खून-खराबे वाली दुनिया बड़े पर्दे पर दर्शकों को एक बिल्कुल नया अनुभव देगी। अब सवाल यह है कि क्या ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर वही जादू दिखा पाएगी, जो उसने OTT पर रचा था।
