Spirit : मुंबई। नए साल 2026 की शुरुआत निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ के फर्स्ट लुक के साथ की है। पोस्टर सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर छा गया और कुछ ही घंटों में ट्रेंड करने लगा। प्रभास के अब तक के सबसे इंटेंस और रॉ अवतार ने फैंस की धड़कनें तेज कर दी हैं, वहीं तृप्ति डिमरी के साथ उनकी केमिस्ट्री की पहली झलक ने एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है।
फर्स्ट लुक पोस्टर में प्रभास बेहद डार्क और गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। लंबे बाल, घनी दाढ़ी और मूंछों के साथ उनकी पीठ कैमरे की ओर है, जिस पर गहरे जख्मों के निशान और बैंडेज साफ दिखते हैं। यह लुक फिल्म की हिंसक, भावनात्मक और दर्द से भरी कहानी की ओर इशारा करता है। एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में शराब का गिलास थामे प्रभास का यह अवतार उनके पिछले किरदारों से बिल्कुल अलग दिखाई देता है।
तृप्ति डिमरी की एंट्री ने बढ़ाया सस्पेंस
पोस्टर में तृप्ति डिमरी भी नजर आ रही हैं। वह सादगी भरी साड़ी में शांत लेकिन प्रभावशाली अंदाज में प्रभास की सिगरेट जलाती दिखती हैं। बिना ज्यादा कुछ बताए ही दोनों की बॉडी लैंग्वेज और एक्सप्रेशन से उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की झलक मिल जाती है। फैंस का कहना है कि पहली ही झलक में दोनों की जोड़ी दमदार लग रही है।
फैंस की जबरदस्त प्रतिक्रिया
मेकर्स ने पोस्टर के साथ लिखा, “तुमने उससे प्यार किया जो वह पहले था, अब उससे प्यार करो जिसके बारे में तुमने कभी सोचा भी नहीं था।” इस टैगलाइन ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, “अगर ये सिर्फ पोस्टर है, तो टीजर थिएटर हिला देगा।” वहीं किसी ने कमेंट किया, “किंग घायल है, लेकिन उसका स्वैग अब भी कायम है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘स्पिरिट’ में प्रभास एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा सकते हैं, जबकि तृप्ति डिमरी उनके लव इंटरेस्ट के रूप में नजर आएंगी। हालांकि मेकर्स ने कहानी को लेकर अभी ज्यादा खुलासा नहीं किया है।
स्टारकास्ट और रिलीज की तैयारी
‘स्पिरिट’ में प्रभास और तृप्ति डिमरी के अलावा विवेक ओबेरॉय, प्रकाश राज और कंचना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। पहले इस फिल्म के लिए दीपिका पादुकोण का नाम चर्चा में था, लेकिन शेड्यूल से जुड़े विवाद के चलते वह प्रोजेक्ट से बाहर हो गईं।
संदीप रेड्डी वांगा द्वारा लिखित, निर्देशित और एडिट की जा रही यह फिल्म हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम के साथ-साथ इंटरनेशनल भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी। ‘स्पिरिट’ का फर्स्ट लुक साफ संकेत देता है कि यह फिल्म 2026 की सबसे चर्चित और धमाकेदार फिल्मों में से एक होने वाली है।
