चेन्नई। तमिल सिनेमा से लेकर बॉलीवुड और हॉलीवुड तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके अभिनेता धनुष आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। असली नाम वेंकटेश प्रभु कस्तूरी राजा और जन्म 28 जुलाई 1983 को हुआ था। आज वह एक सफल अभिनेता, गायक, निर्माता और निर्देशक के रूप में अपनी बहुमुखी प्रतिभा से दुनियाभर में छाए हुए हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय ऐसा था जब धनुष को अभिनय से सख्त नफरत थी और वह शेफ बनना चाहते थे।

अभिनय से दूर भागने वाला लड़का बना अभिनय का बादशाह
धनुष के पिता कस्तूरी राजा और भाई सेल्वाराघवन तमिल फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिष्ठित निर्देशक हैं। इसके बावजूद धनुष को फिल्मों में कोई रुचि नहीं थी। जब परिवार ने उन्हें अभिनय के लिए प्रेरित किया, तो उन्होंने एक्टिंग स्कूल जाने से बचने के लिए उपवास तक रखे। वह खाना छोड़कर इस उम्मीद में बैठ जाते थे कि शायद परिवार मान जाए। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

मजबूरी में की एक्टिंग, फिर बन गए स्टार
धनुष ने वर्ष 2002 में फिल्म ‘थुल्लुवाधो इलमई’ से अपने करियर की शुरुआत की, जिसे उनके पिता ने निर्देशित किया था। शुरुआत में भले ही वह अभिनय के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने इस कला में खुद को झोंक दिया।
‘पुधुपेट्टई’ से मिली पहचान, ‘आदुकलम’ बना मील का पत्थर
2006 में ‘पुधुपेट्टई’ से धनुष को पहचान मिली, लेकिन 2011 की फिल्म ‘आदुकलम’ ने उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाया और बतौर अभिनेता उनकी पहचान को मजबूत किया। इसी वर्ष उनका गाया हुआ गीत ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ देशभर में वायरल हुआ और भारत का पहला ऐसा यूट्यूब वीडियो बना जिसे 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले।

बॉलीवुड और हॉलीवुड में भी मनवाया लोहा
धनुष ने 2013 में ‘रांझणा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया और अपनी नेचुरल एक्टिंग से लोगों का दिल जीत लिया। इसके बाद ‘शमिताभ’ और ‘अतरंगी रे’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 2019 की ‘असुरन’ में एक किसान की भूमिका निभाकर उन्होंने एक बार फिर राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। 2022 में हॉलीवुड फिल्म ‘द ग्रे मैन’ में उनकी भूमिका ने उन्हें एक ग्लोबल फेस बना दिया।

मेहनत, सादगी और जुनून से बना एक आइकन
आज धनुष महज एक अभिनेता नहीं बल्कि कड़ी मेहनत और लगन का प्रतीक हैं। उनकी सादगी, अभिनय की गहराई और बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी एक मजबूत पहचान दिलाई है। उनके फैंस उन्हें “जनता का सुपरस्टार” भी कहते हैं।