Bollywood Actor Dharmendra Passes Away: मुंबई। भारतीय सिनेमा के सदाबहार सितारे और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबी बीमारी के बाद जुहू स्थित उनके बंगले ‘सनी विला’ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर ने बॉलीवुड और करोड़ों प्रशंसकों को गमगीन कर दिया। परिवार ने अभी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन विले पार्ले श्मशान घाट पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी से खबर की पुष्टि हो गई। हेमा मालिनी, सनी देओल, बॉबी देओल और ईशा देओल सफेद वस्त्रों में श्मशान पहुंचे। ईशा दुपट्टे से चेहरा ढके उदास नजर आईं।
धर्मेंद्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नसराली गांव में हुआ था। सात दशकों से अधिक के अपने शानदार करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। ‘शोले’ में बसंती को बचाते हुए उनका अमर डायलॉग “बसंती, इन कुत्तों के आगे मत नाचना” आज भी सिनेमा के इतिहास का हिस्सा है। ‘चुपके-चुपके’, ‘धरम वीर’, ‘सीता और गीता’, ‘सत्यकाम’ जैसी क्लासिक फिल्मों से उन्होंने रोमांटिक हीरो से एक्शन स्टार तक का सफर तय किया। हाल ही में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में उनके किरदारों ने नई पीढ़ी को भी उनका दीवाना बना दिया।

उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को क्रिसमस पर रिलीज होगी। इसमें अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं और धर्मेंद्र एक विशेष भूमिका में नजर आएंगे। निधन वाले दिन ही फिल्म का पोस्टर रिलीज हुआ, जिसे देख फैंस की आंखें नम हो गईं। निर्माताओं ने कहा कि यह फिल्म धर्मेंद्र को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
निधन की खबर पर बॉलीवुड के दिग्गज भावुक हो उठे। फिल्ममेकर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट शेयर की: “ये एक युग का अंत है… एक विशाल मेगा स्टार… मुख्यधारा सिनेमा में एक नायक का अवतार… अविश्वसनीय रूप से हैंडसम और जबरदस्त स्क्रीन प्रेजेंस… वे भारतीय सिनेमा के एक बोनाफाइड लीजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में परिभाषित और समृद्ध रूप से मौजूद हैं… लेकिन वे सबसे अच्छे इंसान थे… हमारी इंडस्ट्री में हर कोई उन्हें प्यार करता था।” अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान और आलिया भट्ट ने भी श्रद्धांजलि दी।
धर्मेंद्र का निधन सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। 2012 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। फैंस और सह-कलाकार उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे। अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं, जहां बॉलीवुड के कई सितारे पहुंचने वाले हैं।
