Arijit Singh Retirement : मुंबई। भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में मंगलवार को एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड और म्यूजिक प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर उन्होंने फैंस को खुद यह जानकारी दी।
अरिजीत ने शेयर किया पोस्ट
अरिजीत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इतने सालों तक उन्हें प्यार देने के लिए वे अपने फैंस के आभारी हैं। उन्होंने साफ किया कि अब वे फिल्मों के लिए गाना रिकॉर्ड नहीं करेंगे और आगे से कोई नया असाइनमेंट नहीं लेंगे। उन्होंने इसे अपने प्लेबैक सिंगिंग करियर का अंत बताते हुए कहा, “मैं इस सफर को यहीं रोक रहा हूं। यह सफर शानदार और सुखद रहा।”

हालांकि, फैंस के लिए राहत की बात यह है कि अरिजीत पूरी तरह संगीत से दूर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इंडिपेंडेंट म्यूजिक और अपने व्यक्तिगत प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रखेंगे। उनके पास पहले से कुछ प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं, जिन्हें वे पूरा करेंगे। इसका मतलब है कि इस साल फैंस को उनके कुछ नए गाने सुनने को मिल सकते हैं।

लेटेस्ट गाना और भविष्य की योजनाएं
अरिजीत का हाल ही में रिलीज़ हुआ गाना ‘मातृभूमि’ है, जो सलमान खान की अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का हिस्सा है। इस गाने में उन्होंने श्रेया घोषाल के साथ आवाज दी है और म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने दिया है। फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

अपनी पोस्ट में अरिजीत ने बताया कि भगवान ने उन पर बहुत मेहरबानी की है और वे भविष्य में एक छोटे कलाकार के रूप में खुद को और निखारने की कोशिश करेंगे। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि वे म्यूजिक बनाना नहीं छोड़ेंगे और केवल फिल्मी प्लेबैक गाने ही अब नहीं करेंगे।
अरिजीत का करियर
अरिजीत सिंह बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल सिंगर्स में से एक हैं। उनकी आवाज़ ने ना सिर्फ लाखों दिलों को छुआ है, बल्कि कई गाने ऐसे हैं, जो आज भी लोगों की यादों में बसी हैं। उनकी प्लेबैक सिंगिंग के अलावा इंडिपेंडेंट म्यूजिक और लाइव परफॉर्मेंस में भी उनका योगदान अहम रहा है।
