Drishyam 3 : मुंबई। सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर सुपरहिट फिल्म फ्रैंचाइज़ी ‘दृश्यम’ के तीसरे भाग का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। दर्शकों के बीच लंबे समय से चर्चा में बनी अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ को लेकर मेकर्स ने आखिरकार आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है।
मेकर्स के मुताबिक, अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे और यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं, जिन्होंने ‘दृश्यम 2’ को भी निर्देशित किया था।
टीज़र वीडियो में आया दमदार संदेश
‘दृश्यम 3’ की घोषणा एक 1 मिनट 13 सेकंड के खास वीडियो के जरिए की गई है, जिसमें अजय देवगन की आवाज सुनाई देती है। इस वॉयस ओवर में विजय सलगांवकर अपने परिवार के महत्व को बताते हुए कहते हैं “मेरा सच, मेरा सही सिर्फ मेरी फैमिली है।”
वीडियो में अब तक की कहानी की झलक दिखाई जाती है और यह साफ संकेत मिलता है कि विजय सलगांवकर अब भी अपने परिवार की सुरक्षा के लिए एक मजबूत दीवार बनकर खड़ा है। वीडियो का अंत उनके इन शब्दों के साथ होता है “कहानी अभी खत्म नहीं हुई है… आखिरी हिस्सा अभी बाकी है।”

कहानी और कास्ट को लेकर सस्पेंस
फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ने की उम्मीद है, जहां ‘दृश्यम 2’ खत्म हुई थी। हालांकि, फिल्म की पूरी स्टारकास्ट को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या अक्षय खन्ना एक बार फिर पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे या नहीं, जिन्होंने दूसरे पार्ट में कहानी को नया मोड़ दिया था।
मलयालम वर्जन से होगी टक्कर
‘दृश्यम’ मूल रूप से मलयालम फिल्म है, जिसकी हिंदी फ्रैंचाइज़ी की शुरुआत साल 2015 में हुई थी। 2022 में रिलीज ‘दृश्यम 2’ को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली थी। हाल ही में मोहनलाल ने भी मलयालम ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि इस बार मलयालम मेकर्स भी फिल्म को हिंदी में रिलीज करने की तैयारी में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ की कहानी मलयालम वर्जन से कितनी अलग होगी और दोनों फिल्मों की हिंदी रिलीज बॉक्स ऑफिस पर एक-दूसरे को किस तरह टक्कर देती हैं। फिलहाल इतना तय है कि 2 अक्टूबर 2026 को विजय सलगांवकर की कहानी एक बार फिर दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से भर देने वाली है।
