रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने सिनेमाघरों में रिलीज़ के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया है। फिल्म को रिलीज़ हुए लगभग एक महीना हो चुका है, लेकिन इसकी कमाई की रफ्तार अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही। 5 दिसंबर को रिलीज़ हुआ ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट लगातार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रहा है, जबकि इसका दूसरा पार्ट मार्च 2026 में रिलीज़ होने वाला है और यह पहले से ही साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार हो चुका है।
‘धुरंधर’ की इस ऐतिहासिक सफलता का असर अब बॉलीवुड की दूसरी बड़ी फिल्मों पर भी दिखाई देने लगा है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ और संजय लीला भंसाली की मेगा बजट फिल्म ‘लव एंड वॉर’ भी ‘धुरंधर’ की रणनीति अपनाते हुए दो हिस्सों में रिलीज़ हो सकती हैं।
बड़े बजट और बढ़ती लागत बनी वजह
रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली के कैंप में इन फिल्मों की रिलीज़ स्ट्रैटेजी को लेकर उच्च स्तर पर चर्चाएं चल रही हैं। एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि
“किंग और लव एंड वॉर दोनों ही बेहद बड़े बजट की फिल्में हैं और इनकी प्रोडक्शन लागत शुरुआती अनुमान से कहीं आगे निकल चुकी है। ‘धुरंधर’ ने जिस तरह का ट्रेंड सेट किया है, उसे देखते हुए दोनों फिल्मों को दो हिस्सों में रिलीज़ करने और 6 महीने से कम के अंतराल में सिनेमाघरों में उतारने पर विचार किया जा रहा है।”
संभावित रिलीज़ डेट्स पर भी चर्चा
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि
- आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल स्टारर लव एंड वॉर को अगस्त 2026 और जनवरी 2027 में रिलीज़ किया जा सकता है।
- वहीं शाहरुख खान की किंग को सितंबर 2026 और मार्च 2027 में रिलीज़ करने पर विचार चल रहा है।
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ये केवल प्रारंभिक चर्चाएं हैं और अभी किसी भी तरह का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
एडिटिंग टेबल पर होगा अंतिम फैसला
सूत्रों के अनुसार,
“दो पार्ट में फिल्म तभी बनाई जाएगी जब इसके लिए पर्याप्त फुटेज उपलब्ध होगा। अभी दोनों फिल्मों की शूटिंग जारी है। यह पूरा विचार ‘धुरंधर’ की सफलता का विश्लेषण करने के बाद सामने आया है। एक पार्ट होगा या दो, इसका अंतिम निर्णय एडिटिंग टेबल पर लिया जाएगा।”
क्रिएटिव और बिजनेस दोनों को फायदा
अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि फिल्मों को दो हिस्सों में रिलीज़ करने से सिर्फ सैटेलाइट और डिजिटल राइट्स से ज्यादा कमाई नहीं होती, बल्कि कहानी के सब-प्लॉट्स को विस्तार से दिखाने की क्रिएटिव आज़ादी भी मिलती है।
“धुरंधर ने न सिर्फ क्रिएटर्स बल्कि बॉलीवुड के बिजनेस दिग्गजों की सोच भी बदल दी है। आने वाले कुछ महीने बेहद रोमांचक होने वाले हैं।”
‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस क्लैश तय
‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और आर. माधवन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का सीक्वल ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगा, जहां इसका सामना यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ से होगा, जो उसी दिन रिलीज़ होने जा रही है।
