हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर रौनक लौट आई है। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ और सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ की रिकॉर्डतोड़ सफलता ने बॉलीवुड को नई ऊर्जा दे दी है। इन दोनों फिल्मों की जबरदस्त कमाई के बाद दिग्गज फिल्म निर्माता करण जौहर ने बॉलीवुड की जोरदार वापसी का ऐलान किया है।
करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और आक्रामक पोस्ट साझा करते हुए उन आलोचकों पर निशाना साधा, जो लंबे समय से बॉलीवुड के खत्म होने की भविष्यवाणी कर रहे थे। उन्होंने लिखा,
“लगातार दो बड़ी हिंदी फिल्मों की सफलता एक ही बात साबित करती है — बॉलीवुड वापस आ गया है। आलोचनाएं बेकार हैं। जब फिल्में दर्शकों के दिलों को छूती हैं, तो वे हर रिकॉर्ड तोड़ देती हैं।”
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’, जो 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी, ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच दिया है। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन नजर आए। फिल्म का दूसरा भाग 19 मार्च को रिलीज होने वाला है।
वहीं, अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’, 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 129.89 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने किया है।
इन दोनों फिल्मों की सफलता को बॉलीवुड के लिए टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है, जिससे यह साफ हो गया है कि बड़े कंटेंट और मजबूत कहानी के साथ हिंदी सिनेमा एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है।
