बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की बहन और अभिनेत्री नूपुर सेनन ने आखिरकार अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है। लंबे समय से चल रही शादी की चर्चाओं के बीच नूपुर ने अपने बॉयफ्रेंड और मशहूर सिंगर स्टेबिन बेन से सगाई कर ली है। स्टेबिन ने नूपुर को बेहद रोमांटिक अंदाज़ में प्रपोज़ किया, जिसका जवाब नूपुर ने “हां” कहकर दिया।
नूपुर सेनन ने इस खास पल की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा कीं। तस्वीरों में स्टेबिन बेन घुटनों पर बैठकर नूपुर को प्रपोज़ करते नजर आ रहे हैं, वहीं बैकग्राउंड में “Will You Marry Me” लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। दूसरी तस्वीर में नूपुर अपनी हीरे की अंगूठी फ्लॉन्ट करती दिख रही हैं।
एक तस्वीर में कृति सेनन भी अपनी बहन और होने वाले जीजा स्टेबिन बेन को गले लगाते हुए नजर आ रही हैं। इसके अलावा, कपल ने अपने माता-पिता को वीडियो कॉल कर इस खुशी के पल को साझा किया, जिसकी झलक भी तस्वीरों में देखने को मिली।
तस्वीरों के साथ नूपुर ने एक भावुक कैप्शन लिखा, “शायद से भरी दुनिया में, मुझे सबसे आसान ‘हां’ मिल गया जो मुझे कभी कहना पड़ा।” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस के साथ-साथ सेलेब्स भी कपल को बधाइयां दे रहे हैं।
यॉट पर हुआ खास प्रपोज़ल
जानकारी के अनुसार, नूपुर और स्टेबिन की सगाई एक यॉट पर हुई। इस मौके पर नूपुर ने खूबसूरत फ्लोरल ड्रेस पहनी थी, जबकि स्टेबिन नीले सूट में नजर आए। दोनों की केमिस्ट्री और खुशी तस्वीरों में साफ झलक रही है।
शादी को लेकर चर्चाएं तेज
नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन की शादी को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों 11 जनवरी 2026 को उदयपुर में शादी कर सकते हैं। शादी निजी समारोह में होने की संभावना है, जबकि बाद में मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक कपल या परिवार की ओर से शादी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। नूपुर और स्टेबिन की सगाई के बाद फैंस को अब उनकी शादी का बेसब्री से इंतजार है।
