राज्यपाल ने दी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं
रायपुर,
राजभवन में पदस्थ प्रेस अधिकारी श्रीमती हर्षा पौराणिक और सहायक लेखाधिकारी श्री मनीष पाण्डेय को स्थानांतरण पर गरिमामय विदाई दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका ने दोनों अधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि शासकीय सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन हर स्थान पर कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण से करना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने अधिकारियों को परिवार और कर्तव्य के बीच संतुलन बनाए रखने की भी सलाह दी।
राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में जनसंपर्क और वित्तीय प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य हैं। दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता और समर्पण के साथ किया है।
इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार श्री भीष्म प्रसाद पाण्डेय, उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित राजभवन के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन भावुक विदाई के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।