रायपुर। यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रायपुर रेल मंडल के सभी छोटे और बड़े रेलवे स्टेशनों पर पैनिक बटन की सुविधा शुरू कर दी गई है। आपातकालीन स्थिति में अब यात्रियों को मदद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि पैनिक बटन दबाते ही रेलवे प्रशासन तक तुरंत सूचना पहुंच जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पैनिक बटन सिस्टम पूरी तरह कंट्रोल रूम से जुड़ा हुआ है। जैसे ही कोई यात्री बटन दबाता है, आरपीएफ, जीआरपी और संबंधित रेलवे अधिकारियों को तत्काल अलर्ट मिल जाता है, जिसके बाद 2 से 5 मिनट के भीतर सहायता मौके पर पहुंचाई जाती है।
सीसीटीवी निगरानी में रहेगा पूरा सिस्टम
रेलवे स्टेशनों पर लगाए गए पैनिक बटन के पास सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इससे कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी तुरंत यह देख सकेंगे कि किस स्थान पर और किस परिस्थिति में बटन दबाया गया है। कुम्हारी रेलवे स्टेशन समेत मंडल के अन्य स्टेशनों पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। रेलवे ने साफ किया है कि पैनिक बटन का दुरुपयोग करने वालों पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शाम के समय यात्रियों के लिए राहत
अक्सर शाम और रात के समय छोटे स्टेशनों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में यह पैनिक बटन यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। किसी भी तरह की परेशानी, असुरक्षा या अप्रिय घटना की स्थिति में यात्री सीधे रेलवे तक अपनी समस्या पहुंचा सकेंगे।
फोन या ट्वीट की जरूरत नहीं
सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी ने बताया कि अब यात्रियों को मदद के लिए फोन करने या सोशल मीडिया पर शिकायत दर्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। पैनिक बटन दबाते ही कंट्रोल रूम अलर्ट हो जाएगा और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां तुरंत कार्रवाई करेंगी। फिलहाल, अभी तक किसी यात्री द्वारा पैनिक बटन का उपयोग नहीं किया गया है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से यात्रियों की सुरक्षा और विश्वास दोनों बढ़ेंगे और रेलवे स्टेशन पर किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकेगा।
