मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत तैयार विशेष रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का शुभारंभ 31 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे किया जाएगा।
यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा। इसके साथ ही लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों का विशेष संदेश
कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, भारत सरकार के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को विशेष संदेश और शुभकामनाएँ दी जाएंगी। यह कार्यक्रम शासन की नीतियों और योजनाओं को सीधे जनता तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम
‘दीदी के गोठ’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। इसमें स्व-सहायता समूहों की उन सफल महिलाओं की कहानियाँ साझा की जाएंगी जिन्होंने कठिन परिस्थितियों को पार कर आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर आर्थिक मजबूती और सामाजिक पहचान हासिल की।
आज छत्तीसगढ़ की लाखों महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और बिहान योजना से उनका जीवन सकारात्मक रूप से बदला है। उनकी प्रेरणादायी कहानियाँ इस कार्यक्रम के माध्यम से हर गाँव और हर घर तक पहुँचेंगी।
सामूहिक श्रवण की व्यवस्था
कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की व्यवस्था की जा रही है। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की दीदियाँ विशेष रूप से शामिल होंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी संवाद, चर्चा और प्रेरणा का वातावरण बनेगा।
‘दीदी के गोठ’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सुशासन की सरकार की दूरदर्शी सोच का प्रतिबिंब है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की आवाज़ को समाज तक पहुँचाना और उन्हें आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ाना है।