रायपुर : सावन के रंगों में रंगा मंत्री निवास, महिला पत्रकारों संग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मनाया ‘सावन
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के निवास में सोमवार को ‘सावन मिलन’ कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन हुआ। इस अवसर पर राजधानी की महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मंत्री निवास को हरे रंग की पारंपरिक सजावट और फूलों से सजाकर सावन की हरियाली और उत्सव को जीवंत किया गया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इस अवसर पर कहा कि “सावन केवल एक ऋतु नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी शक्ति का उत्सव है।” उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में महिलाएं केवल खबरों की वाहक नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली सशक्त आवाज बन चुकी हैं।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 69 लाख से अधिक महिलाओं को हर माह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक योजना के तहत 18 महीनों में 11,728 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 8000 से अधिक जोड़ों के विवाह संपन्न हुए हैं। वहीं सखी वन स्टॉप सेंटरों के माध्यम से अब तक 1.2 लाख से अधिक महिलाओं को सहायता मिल चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मेहंदी रस्म, पारंपरिक गीतों पर नृत्य और मंत्री श्रीमती राजवाड़े द्वारा महिला पत्रकारों संग गुपचुप का आनंद लेते हुए आत्मीय संवाद का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
अंत में मंत्री ने सभी महिला पत्रकारों से राज्य सरकार की महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की अपील की।