रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में गोदावरी इस्पात एंड पॉवर लिमिटेड में एक भयावह हादसा हुआ। लोहे की गर्म सिल्ली गिरने से 6 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रायपुर एएसपी लखन पटले ने बताया कि हादसा में 6 लोगों की मौत हुई है और घायलों का इलाज चल रहा है। मौके पर विधायक अनुज शर्मा भी पहुंचे और घायलों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसा मेंटेनेंस के दौरान हुआ, लेकिन दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

गोदावरी स्टील प्लांट के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए हैं। मृतकों के परिजन और स्थानीय लोगों ने प्लांट को घेर लिया है। प्रशासन ने कंपनी के मुख्य गेट को बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस दौरान SDM, TI और पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों के उच्च स्तरीय इलाज की सुनिश्चित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
घटना ने औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।