मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 11 जून को संत कबीर साहेब जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है। उन्होंने कहा कि संत कबीर साहेब केवल एक महान आध्यात्मिक संत ही नहीं थे, बल्कि समाज सुधारक और युग-प्रवर्तक भी थे। अपने अमूल्य दोहों के माध्यम से उन्होंने समाज को एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर साहेब जी के विचारों ने न केवल भारतवर्ष, बल्कि पूरी दुनिया को प्रेरित किया है। सत्य, अहिंसा, दया, करुणा, परोपकार और सामाजिक समरसता का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर भी संत कबीर साहेब जी के विचारों को आत्मसात कर समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा रहा है। कबीरधाम से लेकर दामाखेड़ा तक उनके अनुयायी उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संत कबीर साहेब जी की जयंती पर सभी से उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।