जनजातीय किसानों को कृषि नवाचार और फसल बीमा योजना की जानकारी दी गई
जनजातीय समुदाय के विकास और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मोहला विकासखंड के ग्राम कोरवा में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, शासकीय योजनाओं और सतत कृषि पद्धतियों से जोड़ना था।
ग्राम सभा में किसानों से एग्रीस्टेक पंजीयन, धान की फसल में कीट एवं रोग नियंत्रण, रबी फसलों की तैयारी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कीट प्रबंधन, रोग नियंत्रण की नवीन तकनीकें, उन्नत बीज चयन, फसल चक्र परिवर्तन और पोषक तत्व प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती इंद्राबाई कोमरे, ग्राम सरपंच श्रीमती दिलेश्वरी कोमा और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत “मेरी पॉलिसी मेरे हाथ” अभियान के तहत किसानों को उनकी फसल बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को समय पर बीमा पंजीयन, दावा प्रक्रिया और लाभ के बारे में जानकारी दी गई।
इस पहल से किसानों को तकनीकी जानकारी के साथ-साथ योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ी, जिससे उनके कृषि कार्यों और आर्थिक सुरक्षा में सुधार होगा।
