बोधगया खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ के मलखंब खिलाड़ियों ने लहराया परचम, 1 रजत और 10 कांस्य पदक किए नाम
बोधगया, बिहार: 7वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने मलखंब में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक अपने नाम किए हैं। इनमें 1 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं, जिससे राज्य का मान बढ़ा है।
व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में राकेश कुमार वढ़दा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पोल मलखंब (8.60 अंक) में रजत पदक, और हैंगिंग (8.45) व रोप मलखंब (8.45) में 2 कांस्य पदक जीते। वहीं मोनू नेताम ने पोल मलखंब में 8.50 अंकों के साथ संयुक्त कांस्य पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में दुर्गेश्वरी कुमेटी ने पोल मलखंब में 8.35 अंक प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इन प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ ने टीम और व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं को मिलाकर अब तक कुल 11 पदकों का सफर तय कर लिया है।

इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ की खेल संचालक तनुजा सलाम, सहायक संचालक अंजुलस एक्का और शिवराज साहू सहित तमाम खेल अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। जानकारी छत्तीसगढ़ मलखंब संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला द्वारा दी गई।
छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों की यह सफलता राज्य के खेल भविष्य को और मजबूत आधार देने वाली है।