कोरबा: एक्सिस बैंक में 80 लाख रुपए के गबन का मामला, नगर निगम के खाते से राशि गायब
कोरबा। कोरबा नगर निगम में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। एक्सिस बैंक पर करीब 79.42 लाख रुपए के गबन का आरोप लगा है। यह राशि नगर निगम के बैंक खाते से गायब हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम की ओर से एक निजी कंपनी सीएमएस (CMS) को रोजाना नकदी एकत्र कर एक्सिस बैंक में जमा करने की जिम्मेदारी दी गई थी। यह व्यवस्था लंबे समय से चल रही थी, लेकिन जनवरी 2023 से जनवरी 2024 के बीच की राशि बैंक खाते में जमा नहीं हुई।
अब यह खुलासा हुआ है कि लगभग एक साल की अवधि में जमा की गई नकदी को न तो बैंक में जमा किया गया और न ही नगर निगम के खाते में इसका कोई रिकॉर्ड है। नगर निगम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बैंक व संबंधित कंपनी से जवाब तलब किया गया है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, यदि आरोप सही पाए गए तो बैंक और सीएमएस कंपनी दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गबन की इस बड़ी राशि को लेकर निगम में हड़कंप मच गया है।