9 करोड़ 15 लाख की लागत से होगा निर्माण, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी
छत्तीसगढ़ शासन ने जशपुर जिले के बगीचा-रेगले मार्ग पर राजपुरी नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 15 लाख 14 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। वित्त विभाग की सहमति के बाद लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, महानदी भवन नवा रायपुर से आदेश जारी हुआ है।
बरसात के दिनों में नाला उफान पर आने से यातायात बाधित हो जाता था। अब पुल बनने के बाद स्थानीय लोगों को निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों का आभार
ग्रामीणों ने कहा कि यह उनकी वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने पूरा किया है। सौगात मिलने के बाद लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
निर्माण से जुड़े प्रावधान
- निविदा केवल 90% बाधा रहित भूमि उपलब्ध होने के बाद ही आमंत्रित होगी।
- कार्य हेतु तकनीकी स्वीकृति सक्षम अधिकारी से प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
- निर्माण कार्य पूर्ण पारदर्शिता, मितव्ययिता और उच्च गुणवत्ता से किया जाएगा।
- निविदा दर 10% से अधिक होने या अतिरिक्त कार्य जुड़ने पर नई प्रशासकीय स्वीकृति आवश्यक होगी।
- गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।