रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के नव नियुक्त अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में श्री म्हस्के को शुभकामनाएं दीं। साथ ही, मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने सीजीएमएससी सप्लाई चेन मैनेजमेंट एसओपी का विमोचन भी किया

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि सीजीएमएससी की स्थापना वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी, और तब से यह संस्था राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीपक म्हस्के पूर्व में केमिस्ट्री विषय के शिक्षक रह चुके हैं, जिससे उनके नेतृत्व में कॉर्पोरेशन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलेगा और जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष में यह दायित्व मिलना और भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश में एम्स सहित 13 मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देशभर में करोड़ों गरीबों को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली है और छत्तीसगढ़ में भी लाखों लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी समारोह को संबोधित करते हुए सीजीएमएससी की स्थापना और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री म्हस्के जैसे योग्य और दूरदर्शी व्यक्ति के नेतृत्व में संस्था प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सफल होगी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कई विधायकगण, महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के सचिवगण और अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।