रायपुर, 26 मई 2025
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर देश के औद्योगिक मानचित्र पर एक नया मुकाम हासिल करने जा रही है। देश की प्रतिष्ठित कंपनी करमवीर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने रायपुर में देश की सबसे उन्नत ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव पेश किया है। इस परियोजना में 300 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक विवेक जैन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुलाकात की। बैठक में परियोजना की रूपरेखा, संभावित निवेश और राज्य में रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
विवेक जैन ने बताया कि यह इकाई तकनीकी दृष्टि से अत्याधुनिक होगी और ऊर्जा क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह यूनिट छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख ट्रांसफॉर्मर निर्माण केंद्रों में स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा, “विकसित भारत 2047” के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भूमिका को मजबूत करना हमारा लक्ष्य है। यह परियोजना राज्य की तकनीकी क्षमता, औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। राज्य सरकार इस परियोजना को हरसंभव सहयोग देगी।
इस परियोजना के माध्यम से राज्य में बिजली क्षेत्र के आधुनिकीकरण, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, और उद्योग आधारित विकास को गति मिलेगी। यह पहल “मेक इन छत्तीसगढ़” अभियान को भी मजबूती प्रदान करेगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुश्री ऋतु सेन, और राज्य के इनवेस्टमेंट कमिश्नर सुबोध सिंह भी उपस्थित थे।