रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यपाल रामेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत मंच पर मौजूद रहे। पीएम मोदी ने इसे “जन-आकांक्षा, जन-संघर्ष और जन-गौरव का उत्सव” बताया।
पीएम मोदी: ‘अटल जी का सपना साकार हो रहा’
पीएम मोदी ने कहा, “छत्तीसगढ़ 25 साल की यात्रा पर है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से सुखद दिन है। मैंने कार्यकर्ता के रूप में यहां समय बिताया, बहुत कुछ सीखा।” उन्होंने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा, “अटल जी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाकर विकास की नई राह खोली। आज उनका सपना साकार हो रहा है।”
पीएम ने संविधान सभा के सदस्यों – रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, घनश्याम सिंह गुप्त आदि को श्रद्धांजलि दी। “2025 अमृत वर्ष है। यह भवन लोकतंत्र की नई ऊंचाई है।”

ओम बिड़ला: ‘लोकतंत्र का आदर्श केंद्र बनेगा’
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा, “पीएम मोदी के करकमलों से लोकार्पण गौरव का क्षण है। नया भवन लोकतंत्र की मर्यादा और संवाद की परंपरा को मजबूत करेगा।”
डॉ. रमन सिंह: ‘स्वर्णिम अक्षरों में अंकित दिन’
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा, “आज का दिन इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। पीएम मोदी ने राम मंदिर, धारा 370 हटाई, गरीबों को आवास दिया। यह भवन विकास और विधान का प्रतीक है।”
सीएम विष्णुदेव साय: ‘जनता और सरकार का सेतु’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “नया भारत बनाने वाले पीएम मोदी का स्वागत। छत्तीसगढ़ का गौरवशाली इतिहास है। यह विधानसभा जनता और सरकार के बीच सेतु बनेगी।”
नई विधानसभा: आधुनिकता और परंपरा का संगम
नवीन विधानसभा भवन आधुनिक वास्तुकला और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अनोखा मिश्रण है। यह रजत जयंती का प्रतीक है। भवन में डिजिटल सुविधाएं, पर्यावरण अनुकूल डिजाइन और बड़ी क्षमता वाली सभाएं होंगी।
