रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है। रायपुर और जबलपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत रविवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरी झंडी दिखाकर की। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, आरपीएफ आईजी मुन्नवर खुर्शीद व मंडल रेल प्रबंधक दयानंद भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने इस नई रेल सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया और कहा कि यह ट्रेन प्रदेश की तीन करोड़ जनता के लिए एक नई सुविधा लेकर आई है। उन्होंने बताया कि बीते दस वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल बजट 21 गुना बढ़ा है, और 2025-26 में यह 6900 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में 47,447 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं संचालित हैं। अमृत भारत योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए 1680 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।
इंटरसिटी ट्रेन की समय-सारणी
रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह इंटरसिटी ट्रेन प्रतिदिन चलाई जाएगी। ट्रेन में कुल 15 कोच होंगे, जिसमें 1 पावर कार, 1 एसएलआरडी, 8 सामान्य कोच, 4 चेयर कार और 1 एसी चेयर कार शामिल है।
11702 जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी (प्रस्थान – सुबह 6:00 बजे):
- मदनमहल: 6:10 बजे
- कछपुरा: 6:25 बजे
- नैनपुर: 7:55 बजे
- बालाघाट: 9:22 बजे
- गोंदिया: 10:10 बजे
- डोंगरगढ़: 11:33 बजे
- राजनांदगांव: 11:58 बजे
- दुर्ग: 1:00 बजे
- रायपुर आगमन: 1:50 बजे
11701 रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी (प्रस्थान – दोपहर 2:45 बजे):
- दुर्ग: 3:22 बजे
- राजनांदगांव: 3:48 बजे
- डोंगरगढ़: 4:13 बजे
- गोंदिया: 5:30 बजे
- बालाघाट: 6:50 बजे
- नैनपुर: 8:15 बजे
- कछपुरा: 10:10 बजे
- मदनमहल: 10:32 बजे
- जबलपुर आगमन: 10:45 बजे
इस नई रेल सेवा से रायपुर और जबलपुर के बीच यात्रा सुगम और तेज़ हो जाएगी, जिससे यात्रियों को समय और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा।