छत्तीसगढ़ में 2,772 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
रायपुर, 19 मई 2025 भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का आयोजन 29 मई से 12 जून 2025 तक राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। इस संबंध में केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की रूपरेखा साझा की। छत्तीसगढ़ से राज्य के कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम ने इस कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “लैब टू लैंड” मंत्र को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य देश भर के किसानों को वैज्ञानिक, आधुनिक और प्राकृतिक खेती की तकनीकों से अवगत कराना है। अभियान के तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विभाग, प्रगतिशील किसान, एफपीओ इत्यादि मिलकर ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाएंगे।
इस अभियान में खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक उपयोग, ड्रोन तकनीक, और धान की सीधी बुआई जैसी उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। वैज्ञानिक टीम एग्रोक्लायमेटिक जोन के अनुसार किसानों को प्रशिक्षण देगी।
छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री श्री नेताम ने बताया कि यह अभियान प्रदेश के 33 जिलों में संचालित होगा, जहां 99 दलों द्वारा 2,772 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर अभियान की निगरानी के लिए उप संचालक कृषि को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, राज्य स्तर पर संचालनालय कृषि और जिला स्तर पर उप संचालक कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रमों में जिला कलेक्टर, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक, और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन की कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, संचालक कृषि श्री राहुल देव, संचालक उद्यानिकी श्री जगदीश एस., संचालक पशुपालन श्री चन्द्रकांत वर्मा, संचालक मत्स्यपालन श्री नारायण सिंह नाग, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से डॉ. अनिल टुटेजा और डॉ. विवेक त्रिपाठी, उप सचिव कृषि विभाग श्री विकास मिश्रा, तथा नोडल अधिकारी श्री बी. के. मिश्रा उपस्थित थे।