रायपुर। सावन मास के पवित्र अवसर पर राजधानी रायपुर की धरती भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गई जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुढ़ियारी क्षेत्र में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में सम्मिलित हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ तक हजारों कांवड़िए
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि आज मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों की संख्या में कांवड़िए भक्ति-भाव से ओतप्रोत होकर जलाभिषेक के लिए पदयात्रा पर निकले। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन मास में आयोजित कांवड़ यात्रा शिवभक्तों की अटूट आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। श्रद्धालु कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान शिव को जल अर्पित करते हैं। रायपुर की कांवड़ यात्रा में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर स्थित महादेव घाट के हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह स्थान शिवभक्तों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए एकत्र होते हैं।

कार्यक्रम में शामिल हुए कई गणमान्य अतिथि
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, रायपुर महापौर मीनल चौबे, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठन व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।