CG : रायपुर। छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्या अब अंतिम दौर में है और प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक विकास की रोशनी पहुंच रही है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कोतबा में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज एक सुरक्षित, सशक्त और विकसित राज्य के रूप में नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर 51.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने कोतबा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय भवन, तहसील लिंक कोर्ट की स्थापना, रेस्ट हाउस निर्माण, इंडोर स्टेडियम, कोतबा जल आवर्धन योजना के लिए अतिरिक्त राशि, कोकियाखार में सामुदायिक भवन निर्माण और बागबहार में साप्ताहिक एसडीएम लिंक कोर्ट शामिल हैं।
आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया, उनमें 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमिपूजन तथा 9.85 करोड़ रुपये से निर्मित जल आवर्धन योजना और प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण प्रमुख रहा।

750 सड़कों को मिल चुकी है स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को राज्य सरकार ने धरातल पर उतार दिया है, जिसका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य में सिंचाई परियोजनाओं के सुधार एवं विस्तार हेतु लगभग 3,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश में 750 सड़कों को मंजूरी दी जा चुकी है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ अग्रणी भूमिका निभाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने एक व्यापक विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। नई औद्योगिक नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अब तक राज्य को 7.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 36वीं सब जूनियर राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार बेसरा, पूर्व विधायक भरत साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
