उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दामाखेड़ा में संत समागम मेले की तैयारियों की समीक्षा की,मेले में चाक-चौबंद व्यवस्था के दिए निर्देश
दामाखेड़ा, कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में 23 जनवरी 2026 से आयोजित होने वाले संत समागम समारोह (माघ मेला) की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब ने की। यह बैठक सद्गुरु कबीर धर्मदास साहब वंशावली प्रतिनिधि सभा प्रांगण में संपन्न हुई।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने संत समागम समारोह की भव्यता को देखते हुए सुविधा, व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

पंथ श्री प्रकाशमुनि नाम साहब ने जानकारी दी कि संत समागम समारोह (माघ मेला) का आयोजन 23 जनवरी से माघ पूर्णिमा 1 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस वर्ष 23 जनवरी को नवोदित वंशाचार्य उदितमुनि नाम साहब का चादर तिलक समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस बार आयोजन वृहद स्तर पर किया जा रहा है, जिसके लिए अतिरिक्त मानव संसाधन और व्यवस्थाओं की आवश्यकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें और समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु यहां से सुखद और मधुर स्मृतियां लेकर लौटें, यह सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा अब तक की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए।

बैठक में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा ने भी आयोजन को लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर श्री दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, डीएफओ श्री गणवीर धम्मशील, जिला अध्यक्ष श्री आनंद यादव, सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्री अतुल शेट्टे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
