मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में हुए शामिल
रायपुर, 19 नवंबर 2025 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री रूप साय सलाम और उपाध्यक्ष श्री यज्ञदत्त शर्मा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दोनों पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन का दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे वे दक्षता और संवेदनशीलता के साथ निभाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री रूप साय सलाम स्वयं जनजातीय समुदाय से आते हैं और समुदाय की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को गहराई से समझते हैं। उन्होंने कहा कि वनवासियों की आय बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने स्मरण कराया कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के उत्थान को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था। साथ ही केंद्र में अलग जनजातीय मंत्रालय की स्थापना से विकास को नई दिशा मिली। वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना’ और ‘पीएम जनमन योजना’ के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में उल्लेखनीय पहल की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तेंदूपत्ता संग्राहकों को देश में सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। वनोपजों के वैल्यू एडिशन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे वनवासी परिवारों की आय में वास्तविक वृद्धि हो सके।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि प्रदेश का नेतृत्व स्वयं जनजातीय समुदाय से आने वाले मुख्यमंत्री श्री साय कर रहे हैं, जो वनवासियों की पीड़ा और आकांक्षाओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की 32 प्रतिशत आबादी जनजातीय है और 44 प्रतिशत भू-भाग वनाच्छादित, इसलिए वनोपज ही वनवासियों की मुख्य आजीविका है।
उन्होंने बताया कि तेंदूपत्ता को ‘हरा सोना’ कहा जाता है और मुख्यमंत्री श्री साय ने उसके अनुरूप मूल्य देकर संग्राहकों को सशक्त किया है। तेंदूपत्ता की प्रति मानक बोरा कीमत 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है।
वन मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ने न केवल चरण पादुका योजना को पुनः शुरू किया है, बल्कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वनोपज संग्राहक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन श्री संजय श्रीवास्तव, योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूप नारायण सिन्हा, औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वनबल प्रमुख श्री व्ही. श्रीनिवास राव, लघु वनोपज संघ के पदाधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बड़ी संख्या में वनोपज संग्राहक उपस्थित रहे।
