मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिले की चार प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए कुल 12 करोड़ 69 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री के इस जनहितकारी कदम पर जशपुरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया है।
स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में कंडोरा से आराकोना (3 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 86 लाख रुपये, माडो से ढेंगनी (3 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 77 लाख रुपये, चराईडांड के मलेरिया बस्ती से एनएच-43 तक (1.9 किमी) पहुंच मार्ग के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये तथा बेहराखार अटल चौक से कुरूमढ़ोड़ा (2.86 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में यातायात सुविधाजनक होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में जशपुर जिले को सड़क निर्माण के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इससे जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है और ग्रामीण अंचलों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीति से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
इस सौगात पर जशपुर के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की पर्यटन संभावनाएं भी सशक्त होंगी। विष्णुदेव साय सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है, जिससे प्रदेश के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
